राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भारत की आत्मा भारतीय संविधान है। भारत के संविधान के प्रति श्रद्धा और जागरूकता बढाने के लिए राजस्थान विधान सभा में संविधान दीर्घा का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा है कि इस दीर्घा का उद्देश्य आमजन और युवाओं को भारत और भारत की सांस्कृतिक नैतिकता से परिचित कराना है। श्री देवनानी ने आमजन से राजस्थान विधान सभा में बनाई गई संविधान दीर्घा का अवलोकन करने का अनुरोध किया है।
अध्यक्ष ने कहा है कि संविधान में नन्दलाल बोस द्वारा चित्रित भारतीय सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और विरासत का संविधान दीर्घा में प्रदर्शन किया गया है। मूल संविधान के 22 भागों के आरम्भ में प्रदर्शित कलाकृतियों यथा रामायण में भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के वनवास से घर वापसी का दृश्य, श्री कृष्ण के उपदेश, गौतम बुद्ध व भगवान महावीर का जीवन, सम्राट अशोक व विक्रमादित्य के सभागार के दृश्य, छत्रपति शिवाजी, गुरू गोविन्द सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, स्वतन्त्रता संग्राम में महात्मा गांधी के दाण्डी मार्च और नेता जी सुभाष चन्द्र बोस का चित्रण किया गया है।